बर्रा थानाक्षेत्र के हरदेवनगर में देसी शराब की दुकान खुलने के विरोध में महिलाओं ने मंगलवार को हंगामा किया। दुकान पर पथराव कर टिनशेड भी उखाड़ ले गए। सूचना पर पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रहीं। इसके बाद आबकारी निरीक्षक ने 22 महिलाओं के खिलाफ बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जय किशन की बर्रा के हरदेवनगर में देसी शराब का दुकान है। मंगलवार को 20 से 25 महिलाएं अचानक दुकान पर पहुंच गईं। हंगामा करते हुए शराब की दुकान बंद करने के लिए नारेबाजी करते हुए कैंटीन में घुस गईं। टिनशेड उखाड़कर दुकान में ताला बंद कर दिया। हंगामा बढ़ता देख जय किशन ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग को दी। सूचना पर टीम संग मौके पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने पुलिस की मदद से बल का प्रयाेग कर दुकान का ताला खुलवाया।
इंस्पेक्टर बर्रा नीरज ओझा ने बताया कि आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर रजनी सेंगर, गुड़िया समेत 22 महिलाओं के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।