संघ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सह निदेशक, आयकर परीक्षा में कानपुर के छात्र ने देश में पहला स्थान हासिल करके शहर का मान बढ़ाया है। वह मौजूदा समय में भारत सरकार के दूरसंचार प्रौद्योगिकी केंद्र दिल्ली में रिसर्च इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं।
यशोदा नगर में रहने वाले महोबा के राजकीय पालीटेक्निक से प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त बीएस पांडेय के बेटे हिमांशु बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी हैं। संघ लोक सेवा आयोग ने आयकर निदेशालय में सहायक निदेशक के 39 पदों के लिए परीक्षा कराई थी।
इसमें हिमांशु ने पहली रैंक भी हासिल की है। परीक्षा परिणाम आने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। पिता बीएस पांडेय ने बताया कि बेटा अब दूरसंचार विभाग की नौकरी छोड़कर यह नौकरी ज्वाइन करेगा और पढ़ाई जारी रखेगा।। सोमवार को हिमांशु तीन महीने की ट्रेनिंग के लिए बंगलुरू रवाना हो गए।