महाराजपुर थानाक्षेत्र के बड़ागांव में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे 27 वर्षीय युवक का शव मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस का अनुमान है कि ट्रेन में सफर के दौरान झपकी आने से वह गिर गया होगा। फतेहपुर के हुसैनगंज थानाक्षेत्र के पड़री गांव निवासी विनोद शुक्ला का बेटा अंशु शुक्ला जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
विज्ञापन
वह दीपावली मनाने सात नवंबर को घर आया था। नौ नवंबर को ट्रेन से जयपुर जाने के लिए निकला था। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उसका शव बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग से 300 मीटर दूर खंभा नंबर 990 के पास ट्रैक किनारे पड़ा मिला। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।