सार
Kanpur News: महाराजपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक जयपुर से दीपावली की छुट्टी मनाकर ट्रेन से वापस लौट रहा था, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे 27 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी विनोद शुक्ला का बेटा अंशु शुक्ला जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।
वह दीपावली मनाने सात नवंबर को घर आया था और नौ नवंबर को ट्रेन से जयपुर के लिए निकला था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसका शव बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग से 300 मीटर दूर खंभा नंबर 990 के पास ट्रैक किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।