गुजैनी में किराये के कमरे में रह रहे वेल्डिंग कारीगर राम मनोहर यादव (24) का शव बुधवार को फंदे से लटका मिला। काम पर न पहुंचने पर दुकान मालिक उसके कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में लिया है। मूलरूप से फतेहपुर के दाता क्षेत्र के करिकान गांव निवासी राम मनोहर एक वर्ष पहले शहर में काम की तलाश में आए थे।
गुजैनी निवासी गुरु प्रसाद शर्मा की वेल्डिंग की दुकान में काम करते थे। पास में ही किराये का कमरा ले रखा था। बुधवार सुबह गुरु प्रसाद दुकान पर पहुंचे तो राम मनोहर नहीं मिला। फोन का भी कोई जवाब न देने पर वह उसके कमरे पर पहुंचे। कमरे का गेट अंदर से बंद मिला। खिड़की का शीशा तोड़ा तो अंदर राम मनोहर का शव फंदे से लटक पाया। राम मनोहर के परिवार में पिता घूरेलाल यादव, मां राजरानी और दो छोटे भाई शिवमोहन व बबलू हैं।
घूरेलाल ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं। परिजन के अनुसार राममनोहर ही प्रति माह इलाज के लिए रुपये भेजता था। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता रोकर बेहाल हो गए। गुजैनी थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं है।