कानपुर के बेकनगंज में महिला निशा कौशर की जून में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार रात उसके पति इंतजार अहमद को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की मां की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप है कि पति ने पहले निशा को पीटा और बाद में तार के जरिये करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी थी।
रिजवी रोड निवासी टेलर इंतजार अहमद की पत्नी निशा कौशर की 26 मई को मौत हुई थी। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को बताया था कि फ्रिज में उतरे करंट की चपेट में आने से निशा की जान गई। अगले दिन 27 मई को बकरमंडी स्थित कब्रिस्तान में शव दफना दिया गया था। मृतका की मां शकीला ने मौत पर संदेह जताते हुए अधिकारियों से शिकायत की।