मां के ऑपरेशन की जानकारी देतीं खुशी दुबे
- फोटो : amar ujala
कानपुर में जुलाई 2020 में हुए चौबेपुर के बिकरू कांड के कुख्यात अपराधी विकास दुबे के पारिवारिक अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे को भी वारदात में शामिल होने के आरोप में करीब दो साल तक जेल में रहना पड़ा था। घटना के बाद से ही खुशी की मां गायत्री की तबीयत काफी खराब चल रही थी। इलाज के लिए कई जगह गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद खुशी दुबे ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मां के ऑपरेशन के लिए मदद मांगी। सपा ने खुशी की मां का लखनऊ के एक अस्पताल में शनिवार को हुए ऑपरेशन व दवाओं आदि का खर्च उठाया।
इसके लिए खुशी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा किया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे ने वायरल वीडियो में कहा है कि उनकी मां गायत्री की तबीयत बहुत खराब थी। डॉक्टरों ने आपरेशन करने को कहा, लेकिन आर्थिक दिक्कत के कारण आपरेशन नहीं करा पा रहीं थीं। कहीं सुनवाई न होने पर उन्होंने अपनी बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाई। इसके बाद लखनऊ निवासी पूजा शुक्ला ने उनकी मां का ऑपरेशन कराया, मां जल्द घर लौटे आएंगी।