भैरव घाट पर रविवार को एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद गंगा स्नान करते समय लापता हुए युवक मयंक चौरसिया का शव सोमवार को सिद्धनाथ घाट के पास बरामद कर लिया गया है। रविवार को नहाते समय अचानक गहरे पानी में समाने के बाद से ही जल पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मयंक का शव सिद्धनाथ घाट पर तैरता हुआ मिला।
अंत्येष्टि के बाद नहाते समय हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, पी रोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर के पास रहने वाला मयंक चौरसिया रविवार को परिजनों व परिचितों के साथ भैरव घाट पर अंत्येष्टि में शामिल होने आया था। दाह संस्कार संपन्न होने के बाद वह गंगा में स्नान करने लगा। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और बह गया। मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों ने काफी खोजबीन की, लेकिन रविवार को उसका कोई सुराग नहीं लग सका
सिद्धनाथ घाट पर मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
सोमवार को जल पुलिस और गोताखोरों की टीम ने फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान भैरव घाट से काफी दूर सिद्धनाथ घाट के पास मयंक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होनहार युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।