कानपुर में गुजैनी मर्दनपुर निवासी रितिक वर्मा ने दूसरे समुदाय के लोगों से परेशान होकर घर के बाहर पलायन का पोस्टर चस्पा कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह बजरंग दल का सक्रिय कार्यकर्ता है। घर के सामने दूसरे समुदाय के लोग रहते हैं। रितिक के मुताबिक आए दिन ये लोग बजरंग दल में होने के कारण ताने देते हैं।
रविवार रात इलाके के रहने वाले अनीस अली, शहंशाह आलम, मेहरूखान, मोहम्मद साहिल सहित मोहल्ले के आठ से दस लोग घर में चापड़ लेकर घुस गए थे। मारपीट कर घर छोड़ने की धमकी दी थी। जिसके बाद रितिक ने गुजैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि इसके बावजूद दबंग लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
बुधवार को पीड़ित परिवार ने घर के बाहर मुख्यमंत्री जी हम असुरक्षा के कारण परिवार सहित पलायन कर रहे हैं लिखकर पोस्टर चस्पा कर दिया। एसीपी गोविंदनगर विकास पांडे ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वहां दो पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए थे।