बिठूर थानाक्षेत्र स्थित एक विश्वविद्यालय के बीफार्मा के छात्र नवीन गुप्ता (19) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। उसका शव बुधवार देर शाम हाॅस्टल के कमरे में पंखे के कुंडे में रस्सी के सहारे लटकता मिला। सहपाठियों की सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए।
मूलरूप से सीतापुर के रामनगर हरगांव निवासी सरोज गुप्ता का बेटा नवीन बिठूर स्थित एक विश्वविद्यालय में बीफार्मा प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। सहपाठियों ने बताया कि कुछ दिन पहले बीफार्मा प्रथम वर्ष की सेमेस्टर परीक्षाओं का परिणाम घोषित हुआ था, जिसमें उसकी सभी विषयों में बैक लग गई थी। इसके चलते वह डिप्रेशन में चल रहा था। नवीन हार्ट का भी पेसेंट था, जिसका इलाज चल रहा था। बुधवार को हाॅस्टल की गैलरी से निकल रहे एक छात्र ने नवीन का शव फंदे पर लटकता देख इसकी सूचना विश्वविद्यालय प्रबंधन को दी। थानाप्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया है। साक्ष्य एकत्रित करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।