सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र में घर में राजमिस्त्री के प्लास्टर करने के दौरान बल्ब चालू कर रहे ऑडिट ऑफिसर करंट की चपेट में आ गए। आनन-फानन परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। स्वर्ण जयंती विहार निवासी आर्मी से सेवानिवृत्त कुशपाल सिंह के पुत्र राजेश सिंह (47) नेवी से सेवानिवृत्त होने के बाद ग्वालियर में बैंक और रक्षा प्रतिष्ठानों में ऑडिट का काम करते थे।
परिवार में पत्नी अलका सिंह, बेटा यश प्रताप सिंह और बेटी खुशी सिंह रूस में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। मृतक के साले ललित मोहन सिंह ने बताया कि पिता कुशपाल की तबीयत खराब होने के चलते राजेश ग्वालियर से तीन दिन पहले ही घर आए थे। यहां मकान में प्लास्टर का काम चला रहा था। तराई भी चल रही थी जिसके चलते दीवारों में नमी थी। रविवार सुबह राजमिस्त्री ने राजेश से बल्ब चालू करने के लिए कहा। उन्होंने बल्ब चालू करने के लिए तार लगाया ही था, कि करंट की चपेट में आ गए और दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया।