रावतपुर थाना क्षेत्र के विकासनगर में रविवार देर रात नशे में धुत युवकों ने स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में भगा दी। कार बेकाबू होकर एआरटीओ के गार्ड रूम से जा भिड़ी जिससे गार्ड रूम के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेनगेट तक टूट गया। हादसे से कुछ मिनट पहले ही गार्ड के पानी पीने के लिए चले जाने से उनकी जान बच गई। हादसे के बाद घर के लोगों के विरोध करने पर युवक उलटा गार्ड से अभद्रता करने लगे। उसे पीटने की कोशिश की। लोगों ने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। पुलिस कार चालक को गाड़ी समेत थाने ले गई।
विकासनगर निवासी राजेश राजपूत मथुरा में एआरटीओ हैं। परिवार में पत्नी शीला राजपूत ने बताया कि वह दो दिन पहले ही पति के साथ मथुरा गई थीं। रविवार देर रात 2:07 मिनट पर गार्ड रामसुबेर अपने गार्डरूम में ड्यूटी कर रहे थे। कुछ सेकेंड पहले वह पानी पीने के लिए अंदर गए। इसी दौरान गुरुदेव जगतनारायण स्कूल की तरफ से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हॉर्न बजाते हुए आई और सीधे गार्ड रूम को उड़ाते हुए मेन गेट में जा घुसी। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद इलाके के लोग घर के बाहर निकल आए। वहीं, एआरटीओ के घर के कर्मचारियों ने विरोध किया तो स्कॉर्पियो में सवार नशे में धुत 28-32 वर्ष के दोनों युवकों ने उलटा गार्ड से गालीगलौज और अभद्रता कर दी। क्षेत्रीय लोगों ने बचाव कर युवकों को जमकर फटकार लगाई।