कानपुर जिले के रामनारायण बाजार में स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में आग लग गई। यह घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे गणेश मंदिर वाली सकरी गली में हुई। आग नीचे के फ्लैट से शुरू होकर ऊपर की मंजिलों तक फैल गई, जिससे वहां चीख पुकार मच गई।
हादसे के दौरान जागे लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अपार्टमेंट से बाहर निकलने का केवल एक ही सकरा रास्ता उपलब्ध था। इस भीषण आग में एक बच्चे और एक महिला की मौत होने की सूचना है। मोहल्ले के लोगों ने पटरे लगाकर बगल के मकान से कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना में तीन लोग झुलस गए और कुछ अन्य घायल भी हुए हैं। घायल हुए सभी लोगों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय निवासियों ने डायल 112 पर फोन करने का प्रयास किया, हालांकि, उनका आरोप है कि आपातकालीन नंबर पर फोन नहीं उठाया गया।
पांच से छह फीट चौड़ी गली में बना अपार्टमेंट
जिस मकान में आग लगी, उसका नंबर 9/74 बताया गया है। यह पांच मंजिला अपार्टमेंट मात्र पांच से छह फीट चौड़ी गली में लगभग दो साल पहले बना था। इस इमारत में कुल 12 परिवार रहते थे। निकलने का एक ही सकरा रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधा आई।
पीड़ितों ने बताई कहानी
एक महिला शकुंतला गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 112 पर कॉल किया था, लेकिन वह नहीं उठा। आग लगने की सूचना मिलते ही वे लोग छतों से कूदकर नीचे आए। इस दौरान शकुंतला गुप्ता के बेटे घायल हो गए और उनके पति झुलस गए। उनके पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और कई अन्य लोग भी झुलसे हैं। शकुंतला गुप्ता ने भी एक महिला और एक बच्ची की मौत की पुष्टि की।