कानपुर-शुक्लागंज को जोड़ने वाले नवीन गंगा पुल पर पीडब्ल्यूडी की ओर से डेढ़ महीने पहले कराया गया पैचवर्क उखड़ने लगा है। ऐसे में पुल मार्ग पर फिर से गड्ढा हो गया है। पुल की सतह में लगी सरिया भी उखड़ने लगी है। ऐसे में किसी भी रोज कोई हादसा हो सकता है। वहीं, रोक के बाद भी भारी वाहनों का पुल से आवागमन बिना रोकटोक के हो रहा।
मालूम हो कि करीब डेढ़ माह पहले पीडब्ल्यूडी ने करीब तीन घंटे तक यातायात रोक कर गड्ढों का पैचवर्क कराया था, जो अब उखड़ने लगा है। जगह-जगह पुल की सतह पर दरारें आ गई है। यहीं नहीं पुल पर फिर से एक गड्ढा दूसरे हिस्से में हो गया है, जिसमें लगी सरिया तक उखड़ने लगी है। लगातार पुल पर से डंपर, ट्राला, ट्रक आदि भारी वाहन निकाले जा रहे हैं।