चकेरी थानाक्षेत्र के अन्ना चौराहे पर बाइक छूने पर दो सिपाहियों और तीन युवकों के बीच शुक्रवार शाम को मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया जबकि एक युवक बाइक लेकर भाग गया। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में धुत थे। वहीं, दोनों सिपाही भी सादी वर्दी में थे।
चकेरी थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कोयला नगर चौकी में सिपाही जोगेंद्र सिंह और अमित चौधरी तैनात हैं। शुक्रवार शाम को जोगेंद्र साथी अमित के साथ बिना वर्दी के जा रहे थे। इसी दौरान अन्ना चौराहे पर एक बाइक में सवार तीन युवकों से उनकी बाइक छू गई। तीनों युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। सिपाहियों ने युवकों को अपना परिचय भी दिया। उन्होंने चौकी में सूचना देकर पुलिस फोर्स बुला लिया। इस पर पुलिस दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र सिंह और अभिलाष बताया। तीसरे साथी का नाम नागेंद्र बताया वह बाइक लेकर भाग गया।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि रिक्रूट सिपाही जोगेंद्र सिंह की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। दोनों आरोपी और दोनों सिपाहियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
आरोपी बोला- चौकी ले जाकर पीटा
बुलंदशहर निवासी आरोपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अभिलाष उसका बचपन का दोस्त है। बृहस्पतिवार को वह कानपुर आया था। शुक्रवार को वह लोग शराब पीने के बाद घर जा रहे थे तभी विवाद हो गया। वहीं, जितेंद्र का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने चौकी में बंदकर मारा है। हालांकि मेडिकल में जितेंद्र और अभिलाष के पीठ, हाथ और पैर में चोट के निशान हैं जबकि सिपाही जोगेंद्र के मत्थे और अमित के पैर में मामूली चोट आई है।
एक आईपीएस ने आरोपियों की पैरवी में किया फोन
कांशीराम अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के दौरान आरोपियों का परिवार भी आ गया। इस दौरान शराब के नशे में धुत दोनों आरोपी गले में हाथ डालकर बैठे रहे। एक आईपीएस ने भी पैरवी के लिए पुलिसकर्मी को फोन किया।