किदवईनगर निवासी युवती ने जमानत करवाने के नाम पर कथित अधिवक्ता समेत अन्य लोगों पर 6.19 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। युवती ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। किदवईनगर निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि नौकरी के चक्कर में गुरुग्राम स्थित फर्म से जुड़े मामले में मार्च 2025 को उन्हें जेल भेजा गया था। जेल जाने के बाद कथित अधिवक्ता प्रदीप चौधरी से परिजनों की मुलाकात हुई।
आरोप है कि बिना वकालतनामा लगाए जमानत दिलाने के नाम पर अलग-अलग अदालतों के लिए फीस तय की। डेबिट व क्रेडिट कार्ड के साथ पिन नंबर ले लिया। अप्रैल 2025 से अलग-अलग तिथियों पर खाते से करीब ढाई लाख रुपये से अधिक रकम निकाली और क्रेडिट कार्ड से खरीदारी की। अगस्त 2025 में जमानत पर बाहर आने के बाद खातों से पूरी रकम गायब मिली। रकम वापस मांगने पर कथित अधिवक्ता प्रदीप चौधरी उर्फ प्रदीप कुमार ने सहयोगी नरेंद्र सिंह भदौरिया उर्फ रुद्र ने फोन व व्हाट्सएप के जरिये धमकाया।