कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित कुलगांव पुलिस चौकी में तैनात दरोगा पर गंभीर आरोप लगे हैं। छतमरा गांव निवासी पीड़ित चंद्रभान गुप्ता का आरोप है कि जमीन के लेन-देन के विवाद में पुलिस चौकी बुलाकर उनके साथ गाली-गलौज की गई, जबरन समझौता कराने का दबाव बनाया गया और 20 हजार रुपये की अवैध मांग की गई। पीड़ित ने महाराजपुर थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दरोगा पर भद्दी गालियां देने का आरोप
शिकायतकर्ता चंद्रभान गुप्ता के अनुसार, 16 अगस्त को उन्हें और उनके बच्चों को कुलगांव चौकी में बुलाया गया। वहां तैनात दरोगा धर्मपाल सिंह और एक अन्य अज्ञात दरोगा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि दरोगा ने कहा कि उन्हें इस काम के 20 हजार रुपये मिलने हैं। जब फोन पर बात करने की कोशिश की गई तो गालियां देकर भगा दिया गया।
आदर्श व्यापार मंडल पीड़ित के समर्थन में उतरा
मामला सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित व्यापारी ने उनसे मदद की गुहार लगाई है। संपूर्ण व्यापारी संगठन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि इस मामले में दरोगा की दबंगई और भ्रष्टाचार की शिकायत जल्द ही उच्च अधिकारियों से की जाएगी।