कानपुर के बिधनू गंगापुर कालोनी में रहने वाले चेन्नई में तैनात एयरफोर्स कर्मी ने रविवार शाम अपनी इनसास राइफल से सिर पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। सोमवार को एयरफोर्स स्टेशन से उनके घर आए एयरफोर्स अधिकारियों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो कोहराम मच गया।
अधिकारी मृतक के माता-पिता को अपने साथ चेन्नई लेकर रवाना हो गए। सुरेश विश्वकर्मा के बेटे आकाश (23) का 2018 में एयरफोर्स में चयन हुआ था। करीब एक साल पहले उनकी पोस्टिंग चेन्नई के अवादी एयरफोर्स स्टेशन पर की गई थी।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम आकाश की ड्यूटी एयरफोर्स स्टेशन के आखिर में स्थित करीब 40 फीट ऊंचे वाच टॉवर पर थी। शाम पांच बजे ड्यूटी बदलने के वक्त दूसरा एयरफोर्स कर्मी टॉवर पर पहुंचा तो आकाश का शव पड़ा मिला। आकाश के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
इसलिए खुदकुशी की वजह का अभी पता नहीं चल सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आकाश के पास से इनसास राइफल बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, आकाश की मौत की खबर जब मोहल्ले वालों को लगी तो उन्होंने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दी। आकाश का भाई सुमित भी अधिकारियों के साथ चेन्नई गया है।