ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल की पत्नी ने कल्याणपुर स्थित घर में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना से पहले दोनों के बीच ननद की गोदभराई के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विवाद हुआ था। कार्यक्रम में हंगामे के बाद पत्नी कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब बच्चों ने कमरे में झांककर देखा तो शव फंदे में लटक रहा था।
बैरीखेड़ा इलाके के रहने वाले नरेंद्र सिंह ट्रैफिक लाइन में हेड मोहर्रिर हैं। उन्होंने 2012 में फर्रुखाबाद के खुदागंज निवासी सीता देवी (32)से शादी की थी। नरेंद्र के पिता जगदीश सिंह ने बताया कि रविवार को उनकी बेटी अर्चन की गोदभराई का कार्यक्रम था। घर पर रिश्तेदार आए हुए थे। आरोप है कि देर शाम कार्यक्रम के दौरान बहू सीता ननद के कार्यक्रम में नरेंद्र के शामिल होने को लेकर आक्रोशित हो गई। परिजनों ने काफी समझाया लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। कार्यक्रम में सभी के सामने बहू ने जमकर हंगामा किया।
नरेंद्र ने हंगामा कर रही पत्नी का वीडियो बनाया और समझाने का प्रयास किया। इसके बाद वह कमरे में गई और अंदर से लोहे का दरवाजा बंद कर लिया। जगदीश के अनुसार कुछ देर बाद मामला शांत हुआ तो नरेंद्र के बच्चों अनुष्का, यश और आयुष ने खिड़की से झांककर देखा तो सीता का शव साड़ी के सहारे फंदे से लटकता दिखा। वहीं, मायके पक्ष ने भी ससुरालीजनों पर आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के अनुसार तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।