अवैध हुक्काबारों पर पुलिस की कार्रवाई
- फोटो : amar ujala
कानपुर के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध हुक्काबारों के खिलाफ पुलिस ने अभियान शुरू किया है। एडीसीपी सुमित रामटेके के नेतृत्व में सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। इस बड़ी कार्रवाई से उन होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया है, जो नियमों को ताक पर रखकर नशे का कारोबार संचालित कर रहे थे।
पुलिस की संयुक्त टीमों ने सेंट्रल जोन के कई संदिग्ध ठिकानों, होटलों और रेस्टोरेंटों पर एक साथ धावा बोला। जांच के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में प्रतिबंधित हुक्का, तंबाकूयुक्त फ्लेवर और नशे की अन्य सामग्री बरामद हुई है। मौके पर कई युवा नशे की हालत में मिले, जिन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।