फीलखाना थानाक्षेत्र में ऑयल कंपनी के एकाउंटेंट ने पहले डायरेक्टर को विश्वास में लिया। फिर कागजों में हेराफेरी करते हुए 50 लाख रुपये अपने व परिजनों के खातों में ट्रांसफर करा दिया। जानकारी कंपनी मालिक को हुई तो उन्होंने एसीपी से मामले की शिकायत की। पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
फीलाखाना थानाक्षेत्र के बिरहाना रोड निवासी जयेश गुप्ता मंटोरा ऑयल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। जयेश के अनुसार शुक्लागंज के नेतुवा गोपीनाथपुरम निवासी युगल किशोर तिवारी उनकी कंपनी में काफी समय से एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। कुछ समय पहले कंपनी के अन्य अधिकारियों को खातों में हेराफेरी होने की जानकारी हुई तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। जब जांच हुई तो पता चला कि युगल ने कागजों में हेरफेर कर विभिन्न पार्टियों से मिलकर लाखों रुपये अपने और अपनी पत्नी व परिजनों के खातों में ट्रांसफर किए हैं। करीब पचास लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आने पर डायरेक्टर ने मामले की शिकायत एसीपी कोतवाली से की। थाना प्रभारी फीलखाना ने बताया कि तहरीर के आधार पर एकाउंटेंट युगल किशोर तिवारी, उसकी पत्नी संत्वना समेत अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।