शहर के अलग-अलग दो थानाक्षेत्रों में चोरों ने फ्लैट और मकान का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों रुपये कीमत के जेवरात पार कर दिए। घटनाएं अनवरगंज व नवाबगंज थानाक्षेत्र में हुई हैं। अनवरगंज दलेलपुरवा निवासी मोहम्मद नूह के अनुसार वह अधिकांश समय प्रयागराज के मुंडेरा ट्रांसपोर्टनगर में रहते हैं। दलेलपुरवा स्थित फ्लैट पर अक्सर ताला बंद रहता है। गुरुवार रात को पड़ोसियों ने कॉल कर सूचना दी कि उनके फ्लैट का ताला टूटा हुआ है।
जब वापस शहर आए तो देखा कि अलमारी से नकदी समेत लाखों का सामान गायब था। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी अनवरगंज अशोक कुमार दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है।
वहीं, मैनावती मार्ग आजादनगर राम कृपा स्टेट निवासी सुरेंद्र सिंह किसी काम से शहर से बाहर गए थे। 28 फरवरी को जब वह घर पहुंचे तो दरवाजे में लगा ताला गायब था। अंदर जाने पर कमरे में सामान फैला हुआ था और अलमारियों के दरवाजे व लॉकर खुले थे। चोर डेढ़ से दो लाख की नकदी व लाखों की कीमत के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को सूचना देकर जब उन्होंने पड़ोस में लगे सीसीटीवी को चेक किया तो पता चला कि घटना 27 व 28 फरवरी की रात करीब साढ़े तीन बजे हुई है।
आरोप है कि घटना के बाद चौकी व थाने की पुलिस लगातार उन्हें टहलाती रही। कार्रवाई होते न देख पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। थाना प्रभारी नवाबगंज ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।