गुजैनी थाना क्षेत्र के मेहरबान सिंह का पुरवा मोहल्ले में रविवार की सुबह नाबालिगों ने 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में बाइक दौड़ाई और वृद्धा को टक्कर मार दी। बेकाबू बाइक सवार सड़क पर वृद्धा को कुछ दूर तक घिसटाते ले गए। हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। वहीं, किशोरों को भी हल्की चोटें आईं।
प्राइवेट नौकरी करने वाले बेेटे शैलेश और ब्रजेश ने बताया कि मां कुसमा देवी (65) रोज की तरह घर का कूड़ा फेंकने के लिए रविवार सुबह छह बजे उठी थीं। सुबह 6:30 बजे निकलकर कुछ दूर पहुंची कि पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार दो नाबालिगों ने 70-80 रफ्तार में टक्कर मार दी। बाइक समेत कुछ दूर तक घिसटते चले गए। लोगों ने नाबालिगों को पकड़ लिया और परिजनों को सूचना दी। परिजन वृद्धा को हैलट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, नाबालिगों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। गुजैनी इंस्पेक्टर अमरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।