कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरवामीर में स्थित कनपुरिया ढाबा के सामने एक डीसीएम ट्रक में पीछे से घुस गई, जिसमें चालक को हल्की चोट आई हैं। वहीं, डीसीएम की केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। मैनपुरी इटावा के रहने वाले चालक राधेश्याम ने बताया डीसीएम में रद्दी और खाली गत्ते लादकर बनारस से कानपुर जा रहा था।
शनिवार कि सुबह करीब छह बजे पुरवामीर कनपुरिया ढाबा के पास होटल से अचानक निकले एक ट्रक ने ब्रेक ले ली, जिसकी वजह से डीसीएम अनियंत्रित होकर पीछे से घुस गई है। चालक ने बताया सुबह छह बजे हादसा हुआ था। उसी वक्त एनएचएआई के नंबर पर क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाने के लिए सूचना की थी, लेकिन घटना के चार घंटे बाद भी मौके पर क्रेन नहीं पहुंच पाई।