सचेंडी क्षेत्र में गुरुवार की शाम को घर से साइकिल बनवाने की बात कहकर निकले युवक की नहर में डूबकर मौत हो गई। वह सुस्ताने के लिए दीवार पर बैठा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से नहर में गिर गया। भैरमपुर निवासी सोनू सविता 38 एक फैक्टरी में नौकरी करता था। परिवार में पत्नी लक्ष्मी, बेटा प्रिंस, मां रानी हैं। परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे सोनू घर से साइकिल बनवाने की बात कहकर निकला था।
करीब एक किलोमीटर दूर गर्मी के कारण नहर की दीवार पर बैठ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नहर में गिर गया। पास रखी गुमटी के दुकानदार ने ग्रामीणों को जानकारी दी। कुछ ही देर में वहां पर लोगों की भीड़ लग गई। कुछ ग्रामीण तेज बहाव के बीच नहर में कूदे। करीब एक घंटे बाद 30 मीटर आगे एक झाड़ी में फंसे सोनू के शव को निकाला। सचेंडी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।