हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के योगेंद्र विहार में सोमवार देर शाम नशेबाजी में युवक ने फंदा लगा लिया। साड़ी का फंदा टूटने से वह फर्श पर सिर के बल गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह पहले भी पांच बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
क्षेत्र में रहने वाला हिमांशु साहू (27) मजदूरी करता था। बड़े भाई रामसेवक ने पुलिस को बताया कि हिमांशु अधिक शराब पीता था। उसका अक्सर परिजनों व अन्य लोगों से झगड़ा होता था। उन्हें व मझले भाई अभिषेक को पीटकर घर से भगा दिया तो वह लोग किराये पर अलग रहने लगे।
हिमांशु मां कुसुमा के साथ रहता था। सोमवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद मां छत पर सोने चली गई। इसी बीच उन्हें कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। वह प्रथम तल पर बने हिमांशु के कमरे में पहुंची तो उसे जमीन पर पड़ा पाया। सिर व चेहरे से खून बह रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी।