साइबर ठगों ने गोविंद नगर की एक महिला को घर बैठे कमाई का झांसा देकर 5.35 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिला ने साइबर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस उन खातों का पता कर रही है जिसमें रकम ट्रांसफर की गई है। गोविंद नगर में रहे वाली अंकिता दुबे ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले उन्हें वर्क फ्रॉम होम कर पैसे कमाने का झांसा दिया।
इसके बाद शातिर ने एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा। लिंक क्लिक करने पर एक टेलीग्राम एकाउंट खुल कर सामने आ गया। उस लिंक पर लाइक और सब्सक्राइब करने का टास्क दिया गया। अंकिता के मुताबिक उन्होंने वह टास्क पूरा किया। उसके बाद शातिर ने उनके खाते में 120 रुपये भेज दिए। फिर 28 जुलाई से 30 जुलाई 2024 के बीच शातिर ने उनसे अलग अलग खातों में बड़ा टास्क कराने के नाम पर 5.35 लाख रुपये ठग लिए।
अंकिता के मुताबिक इतने रुपये भेजने के बाद उनके खाते में प्रॉफिट का आठ लाख रुपये से ज्यादा दिखा रहा था। उन्होंने जब अपना पैसा निकालने का प्रयास किया तो विफल रही। शातिरों ने उनका खाता ही ब्लॉक कर दिया। साइबर थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में आईटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खातों की जांच कराई जा रही है।
ऐसे बचें साइबर ठगों से
- ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर पैसा कमाने का भरोसा दिलाने वाले संदेशों और चैनलों से सतर्क रहें। भुगतान प्राप्त करने से पहले किसी भी प्रकार का शुल्क न भरें।
- किसी भी तरह की व्यक्तिगत जानकारी जैसे आधार नंबर, बैंक डिटेल या पासवर्ड, सोशल मीडिया पर साझा न करें।
- अगर कोई खुद को पुलिस या सरकारी एजेंसी का प्रतिनिधि बताता है और गिरफ्तारी या किसी तरह की बात करता है तो उसे नजरअंदाज करें।
- अगर कोई काॅल करके यह कहता है कि आपके नाम से पार्सल विदेश से आया है, तो सतर्क हो जाएं। केवल कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त करें।
- अगर कोई रिश्तेदार या परिचित आर्थिक मदद मांग रहा है तो काल या वीडियो काल से उसकी सच्चाई की जांच करें।
यहां करें शिकायत
किसी भी साइबर अपराध की शिकायत सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें। साथ ही स्थानीय थाने या स्थानीय साइबर थाने में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जल्दी शिकायत दर्ज कराने पर उतनी ही जल्दी बैंक खाता फ्रीज कर पैसे वापस कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। साथ ही रुपये वापस मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है।