अस्पताल के रजिस्ट्रेशन का झांसा देकर विधवा महिला के खाते से साइबर ठगों ने 4.62 लाख रुपये पार कर मोबाइल नंबर बंद करवा दिया। सिम चालू करने पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया तो पीड़िता ने किदवईनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। किदवईनगर एच टू ब्लॉक निवासी एकता गुप्ता सास और दो बच्चों के साथ रहती हैं। पति का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है।
बताया कि उनका बैंक खाता इंडियन बैंक किदवईनगर शाखा में है। बीमा की रकम खाते में जमा थी, जिससे मिलने वाले ब्याज से वह परिवार का पालन पोषण करती थीं। 20 मार्च 2025 को एक महिला की कॉल आई, जिसने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन का फार्म ऑनलाइन भरवाने के नाम पर ओटीपी हासिल किया। 22 मार्च 2025 को उनका सिम भी बंद करवा दिया। इस दौरान ठगों ने 20 मार्च से लेकर 14 अप्रैल 2025 के बीच उनके खाते में जमा चार लाख 62 हजार रुपये पार कर दिए। सिम दोबारा चालू होने पर घटना की जानकारी हुई। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।