विश्वबैंक बर्रा क्षेत्र के करीब 35 हजार लोगों को पानी की किल्लत से निजात मिलेगी। रविवार को दुुर्गा मंदिर के पास महापौर और विधायक ने ट्यूबवेल का शिलान्यास किया। उन्होंने ट्यूबवेल लगने के बाद 24 घंटे जलापूर्ति होने का दावा किया। अमर उजाला ने विश्वबैंक बर्रा में दुर्गा मंदिर के पास पुराने खराब ट्यूबवेल से कम पानी आने और उसमें भी बालू होने से घरों में लगे आरओ खराब होने का मामला प्रकाशित किया था। यहां तीन वार्डों के करीब 35 हजार लोगों को पानी की किल्लत हो रही थी। वार्ड-45 की पार्षद रेनू यादव की मांग पर महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता वाली समिति ने 15वें वित्त आयोग से नया ट्यूबवेल लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया। इसमें 80 लाख रुपये खर्च होंगे।
विज्ञापन
रविवार को महापौर और विधायक महेश त्रिवेदी ने ट्यूबवेल लगाने के कार्य का शिलान्यास किया। महापौर ने कहा कि इस ट्यूबवेल से क्षेत्रवासियों को 24 घंटे पानी उपलब्ध होगा। वहीं, विधायक महेश त्रिवेदी ने जलकल विभाग को जल्द कार्य कराने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय पार्षद के पति व पूर्व पार्षद अर्पित यादव ने बताया कि ट्यूबवेल से उनके वार्ड के साथ ही आसपास स्थित वार्ड-नाै व 82 के लोगों को भी जलापूर्ति होगी।