कानपुर में पुलिस ने कपड़े की दुकान से माल पार करने वाले तीन नाबालिग चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकदी, लैपटॉप और मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।
कानपुर में चकेरी निवासी आशीष जायसवाल की फीलखाना के चावल मंडी स्थित नीलकंठ फैब्रिक्स नाम की दुकान में शुक्रवार रात हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन शातिर नाबालिग चोरों के पास से चोरी का माल भी बरामद कर लिया। नाबालिगों ने बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर तक चोरी कर ली थी।
विज्ञापन
हालांकि, आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर उनकी व उनके आने-जाने के रास्ते की पहचान हो गई। पकड़े जाने के बाद तीनों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया और बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पकड़े जाने से पहले तीनों नाबालिग बाजार में ही अलग-अलग दुकानों में काम करते थे। उनके पास से पुलिस ने करीब दो लाख रुपये, लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया। फीलखाना थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों नाबालिगों को आपरेशन त्रिनेत्र की मदद से पकड़ा गया है।