Kanpur News: किराना कारोबारी की दुकान से 27 लाख की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने कलक्टरगंज के एक्सप्रेस वे रोड स्थित दुकान के शटर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
सिविल लाइंस के बाबाघाट निवासी किराना कारोबारी अंकुर गुप्ता की किराना बाजार स्थित दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने 12 लाख रुपये नकदी समेत 27 लाख रुपये कीमत का माल पार कर दिया। शातिरों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। चोरी की वारदात से नाराज व्यापारियों ने जमकर हंगामा काटा।
विज्ञापन
अंकुर के अनुसार कलक्टरगंज स्थित एक्सप्रेस वे रोड पर उनकी लाला रामचंद्र गुप्ता एंड संस के नाम से फर्म है। इस फर्म के जरिए वह किराना का थोक व्यापार करते हैं। अंकुर ने बताया कि गुरुवार देर रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब वह अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा मिला। कैश काउंटर में रखे 12 लाख रुपये, 15 लाख रुपये कीमत के ड्राइफूट, केसर, दो लैपटॉप, दो मोबाइल व कीमती सामान गायब था।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक चोर रात करीब ढाई बजे दुकान के भीतर दाखिल होते हुए दिखाई पड़ा जबकि दो दुकान के बाहर खड़े थे। पुलिस सीसीटीवी में कैद फुटेज की मदद से शातिरों की तलाश में जुटी है। उधर, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में खुलासा नहीं हुआ तो व्यापारी सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे।