रावतपुर में प्लांट निर्माण का ठेका दिलाने और उसमें पार्टनर बनाने के नाम पर शातिरों ने कंस्ट्रक्शन फर्म संचालक से 24.83 लाख हड़प लिए। फर्म संचालक ने जांच की तो जालसाजी का पता चला। रावतपुर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। काकादेव के शिवपुरी निवासी अक्षय पांडेय ने बताया कि वे पाथवे पेवर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम से फर्म संचालित करते हैं।
वर्ष 2024 में मित्र लविन्श यादव ने शक्ति सिंह यादव से मुलाकात कराई। फिर डॉ. अश्विनी कुमार यादव व डॉ. श्वेता सिंह यादव से मिलवाया। दोनों ने बताया कि वह शक्ति सिंह के जरिए निर्माण कार्य करते हैं। आरोप है कि 26 दिसंबर 2024 को लविन्श ने फोन पर शक्ति सिंह से बात कराई। शक्ति सिंह ने वेल्सपन एंटरप्राइजेज लिमिटेड की ओर से 59.66 लाख में तीन आरसीसी ओवरहेड टैंक बनाने की विज्ञप्ति जारी होने की बात कही।
साथ ही 25 लाख रुपये निवेश करने पर ठेका अक्षय की कंपनी को दिलाने का दावा किया। अक्षय के तैयार होने पर शक्ति सिंह ने उसकी कंपनी के पंजीकरण व सिक्योरिटी समेत फर्म के अन्य दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर कई बार में 24.83 लाख रुपए ऑनलाइन ले लिए। रावतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शक्ति सिंह, डॉ. अश्विनी, डॉ. श्वेता, लविन्श यादव समेत एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।