राज्य सड़क परिवहन निगम स्वतंत्रता दिवस से शहरवासियों के लिए 15 नई ई-बसें चलाने जा रहा है। ये बसें कानपुर-लखनऊ और प्रयागराज रूट पर चलेंगी। इसमें आठ बसें कानपुर से लखनऊ के आलमबाग और सात बसें शहर से प्रयागराज के लिए चलेंगी। इनका किराया अन्य रोडवेज बस की तुलना में ज्यादा रहेगा। साधारण रोडवेज बस से लखनऊ का किराया 123 रुपये है। जनरथ का लखनऊ का किराया 159 रुपये है।
ई-बस से लखनऊ तक सफर करने के लिए लोगों को 186 रुपये देने पड़ेंगे। कानपुर-लखनऊ के बीच चलने वाली ई-बसें 35 सीटर और प्रयागराज रूट की बसें 51 सीटर होंगी। लखनऊ रूट पर 14 स्टापेज रहेंगे। प्रयागराज रूट के लिए किराया और स्टॉपेज का निर्धारण होना अभी बाकी है। वर्तमान में प्रीमियम एसी बस का किराया 186 रुपये प्रति यात्री है। किदवईनगर डिपो के एआरएम संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इनमें से तीन बसें डिपो पहुंच गई हैं।