पुलिस ने बैग से बरामद किए चांदी के टुकड़े
- फोटो : अमर उजाला
बिरहाना रोड पर स्थित गीता मंदिर के चबूतरे पर शुक्रवार रात लावारिस बैग और दो गत्ते मिले। दहशत में आए लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो बैग में ड्राई फ्रूट्स और कपड़ों के नीचे 25 लाख रुपये कीमत की 11 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं। बैग किसने छोड़ा इसका पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
फीलखाना इंस्पेक्टर अभय सिंह ने बताया कि थाने से चंद कदम की दूरी पर गीता मंदिर स्थित है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे मंदिर के चबूतरे पर एक बैग व दो गत्ते लावारिस हालत में रखे मिले। काफी देर तक कोई बैग लेने नहीं पहुंचा तो संदिग्ध वस्तु की आशंका होने के चलते इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैग के बारे में पूछताछ शुरू की। हालांकि, इस दौरान कोई भी बैग पर अपना दावा पेश करने नहीं पहुंचा। पुलिस बैग को थाने ले गई।