कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में प्रेमी की दूसरी शादी किए जाने की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह एक युवती कृष्णा हॉस्पिटल वाली गली में स्थित एयरटेल टॉवर पर चढ़ गई। प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी युवती के टॉवर पर चढ़ने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
जानकारी के अनुसार, नरगिस (28) इंदिरा आवास कॉलोनी में रहती है। उसका कहना है कि फर्रुखाबाद जनपद के एक गांव निवासी युवक से पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध हैं। दोनों के संबंधों से उसकी पांच साल की बेटी भी है। नरगिस का आरोप है कि अब उसका प्रेमी दूसरी शादी करने जा रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही वह बुधवार सुबह करीब छह बजे कृष्णा हॉस्पिटल वाली गली में लगे एयरटेल टॉवर पर चढ़ गई।