Nawab Singh Yadav: कन्नौज जिले के किशोरी दुष्कर्म कांड में एक नया मोड़ आ गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करने वाली डॉक्टर ने गैंगस्टर नवाब सिंह यादव व उसके भाई नीलू यादव समेत सरकारी वकील व पीड़िता की बुआ के खिलाफ धमकाने की एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया कि विशेष लोक अभियोजक ने धमकी दी कि नवाब सिंह यादव के जेल से छूटने के बाद तीन लोगों की हत्या की जाएगी।
डॉक्टर की गवाही से इस मुकदमे पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिर्वा में तैनात डॉ. स्वास्तिका शालिनी ने एसपी विनोद कुमार के आदेश पर सदर कोतवाली में गांव अड़ंगापुर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, उसके भाई वीरपाल उर्फ नीलू, विशेष लोक अभियोजक किशोर दोहरे, तिर्वा कोतवाली के एक गांव निवासी पीड़िता की बुआ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
जेल से छूटने वाले हैं नवाब सिंह यादव
इसमें आरोप लगाया कि सदर कोतवाली में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में उन्होंने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण किया था। पॉक्सो न्यायाधीश की कोर्ट से गवाही के लिए 19 मार्च को सम्मन जारी हुआ था। वह कोर्ट में उपस्थित हु़ई और पांच घंटे वकीलों ने उनसे जिरह की। सरकारी वकील किशोर दोहरे ने कहा कि नवाब सिंह यादव जेल से छूटने वाले हैं।
जेल से बाहर आने पर तीन लोगों की हत्या होगी
तुम्हारी इस गवाही से मुकदमे में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। पीड़िता ने अपने बयान बदल दिए हैं। नवाब सिंह के जेल से बाहर आने पर तीन लोगों की हत्या होगी। कोर्ट में मौजूद पति डॉ. रवींद्र कुमार साहू ने यह बात सुनी। इससे पहले पति जिला अस्पताल में तैनात थे। वर्तमान में वह इटावा जिले के बकेवर कस्बे में 50 शैया अस्पताल में तैनात हैं।
मामले की विवेचना में जुटी पुलिस
उस दौरान पति के खिलाफ एससीएसटी का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया था। डॉ. स्वास्तिका शालिनी ने पति सहित परिजनों की हत्या करने की आशंका जताई है। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
12 अगस्त को हुआ था किशोरी का मेडिकल परीक्षण
पुलिस ने 11 अगस्त की रात को चौधरी चंदन सिंह डिग्री कॉलेज से पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार किया था। अगले दिन पीड़िता का मेडिकल परीक्षण किया गया था, जिसमें डॉ. स्वास्तिका शालिनी ने मेडिकल रिपोर्ट तैयार की थी। 19 मार्च को इसी मामले में पॉक्सो कोर्ट में डॉक्टर की गवाही हुई थी। एफआईआर में डॉक्टर ने परिवार की हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
डॉक्टर की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टर को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। -विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक