आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह ठठिया कट के पास एक ट्रक की टक्कर से कार सवार दंपति की मौत हो गई। कार में सवार तीन बेटे व दो पड़ोसी घायल हैं। सभी को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली से एक परिवार कार से एक शादी समरोह में शामिल होने प्रतापगढ़ जिला जा रहा था। यहां एक्सप्रेस वे पर ठठिया कट के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। कार सवार संगम विहार गली नंबर 812 स्थल मंदिर नई दिल्ली निवासी संदीप शुक्ला (45) पुत्र अमरनाथ शुक्ला व संदीप की पत्नी अनीता (42) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार उनके बेटे सिद्धार्थ (10), अभिनव (6), आरव (3), पड़ोस के भाई अमित कुमार (19) व आर्यन शर्मा (23) घायल हुए। सूचना पर यूपीडा व ठठिया थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दंपति के शव को राजकीय मेडिकल कालेज की मर्च्युरी में रखवाया। कार में सवार घायल पांचों लोगों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
भाजपा के कई बड़े पदों पर रह चुके थे संदीप शुक्ला
संदीप शुक्ला भाजपा में दिल्ली प्रदेश में वरिष्ठ प्रवक्ता थे। इससे पहले भी वह भाजपा के कई बड़े पदों पर रह चुके हैं। वर्ष 2014 में वह साउथ दिल्ली में प्रदेश उपाध्यक्ष भी थे। इसके अलावा संगठन में कई बड़े पदों पर रहकर काम कर चुके थे।