ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कट के निकट कार ने स्कूटी सवार मामा-भांजे को टक्कर मार दी। हादसे में भांजे की मौत हो गई और मामा घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी पलट गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर ही रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी चला दिया। इससे भीड़ तितर-बितर हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर निवासी मनीष कुमार (25) पुत्र लक्षमन सिंह बृहस्पतिवार को अपने भांजे तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौरंगपुर नगरिया गांव निवासी विवेक (17) पुत्र जवाहर लाल के साथ स्कूटी से कन्नौज गए थे। नेशनल हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कट के निकट तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में विवेक की मौत हो गई और मामा राम राजपूत घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।
जानकारी पर एएसपी डॉ. संसार सिंह, सीओ सदर कमलेश कुमार, कोतवाल जेपी शर्मा मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी। जाम खुलवाने के लिए परेशान हो रही पुलिस ने आखिरकार लाठी चलानी शुरू कर दी। भीड़ के हटते ही पुलिस ने जाम खुलवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हालांकि लाठी फटकारने की बात पर पुलिस चुप्पी साध गई है। एएसपी डॉ. संसार सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से स्कूटी सवार विवेक की मौत हो गई है। दूसरा घायल हो गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एक घंटे तक हाईवे रहा जाम
हादसे के बाद लोगों की भीड़ के कारण हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगा रहा। इससे परेशान पुलिस ने काफी देर तक भीड़ को समझाकर हाईवे से हटाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो पुलिस को लाठी फटकनी पड़ी। वहीं दूसरी ओर से भीड़ से कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थर भी चलाए। हाईवे पर जाम लगने के कारण राहगीर उमस भरी गर्मी और प्यास से परेशान रहे। बताया जाता है कि पुलिस की लाठी से कुछ महिलाएं और पुरुष घायल भी हुए।
रामपुर-हैबतपुर कट बंद कराने की मांग
नेशनल हाईवे पर हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने रामपुर-हैबतपुर कट को बंद करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि इस कट के कारण आए दिन हाईवे पर हादसे होते रहते हैं। इसलिए कट को बंद कर देना चाहिए, जिससे हादसों पर लगाम लग सके।
पुलिस को क्रेन में लगाना पड़ा धक्का
हाईवे पर पलटी कारण को हटाने के लिए पुलिस ने क्रेन बुलवाई। क्रेन घटनास्थल पर तो पहुंच गई, लेकिन फिर स्टार्ट नहीं हुई। क्रेन को स्टार्ट करने के लिए पुलिस कर्मियों को धक्का लगाना पड़ा, जिसके बाद क्रेन स्टार्ट हुई और हाईवे पर पलटी कार को हटवाया।
कार चालक को ले जा रहे पुलिस वाहन का ग्रामीणों ने किया पीछा
कार चालक और सवारों को पुलिस ग्रामीणों से बचाकर ले जा रही थी। किसी तरह कार चालक को पुलिस ने अपने वाहन में बैठाया। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को रोकने का प्रयास किया और कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन पुलिस वाहन वहां से निकल आया।