दहेज में बाइक न मिलने पर ससुरालीजनों ने नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए घर के बाहर दुपट्टे से फंदा बनाकर टांग दिया। इसके बाद ससुरालीजन भाग गए। पुलिस शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मायके वालों की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। विवाहिता की चार माह पहले शादी हुई थी।
क्षेत्र के ग्राम महदिउरा निवासी प्रिंस की 25 फरवरी को तालग्राम क्षेत्र खबरामऊ गांव निवासी मोहिनी (20) के साथ शादी हुई थी। सोमवार की सुबह घर के बाहर संदिग्ध हालात में दुपट्टे के फंदे से मोहिनी का शव लटकता मिला। मोहिनी के शव को लटका हुआ छोड़कर ससुरालीजन फरार हो गए। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मायके पक्ष को दी।
मोहिनी के भाई सोनू ने बताया कि छह दिन पहले बाइक की मांग को लेकर बहन के साथ ससुरालीजनों ने मारपीट की थी, जिसके बाद रिश्तेदारों के माध्यम से सुलह समझौता कराया गया था। रविवार शाम को बहन का फोन आया था और हत्या की आशंका जाहिर की थी। सोमवार सुबह पड़ोसी ने फोन कर घटना की सूचना दी। भाई ने हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।