गैरकानूनी तरीके से ट्रांसफाॅर्मर चालू करने से इन्कार करने पर दबंगों ने संविदा लाइनमैन की पिटाई कर दी। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से आहत लाइनमैन ने बुधवार दोपहर सौरिख पावर हाउस पहुंचकर 10 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ गया। चार घंटे से अधिक समय तक चले इस ड्रामे के बाद विभागीय अधिकारियों और परिजनों के समझाने पर वह शाम 7.40 बजे नीचे उतरा। उधर, घटना से गुस्साए बिजली कर्मियों ने पावर हाउस का घेराव कर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
विज्ञापन
बिजली कर्मियों ने बताया कि 28 अगस्त की रात ग्राम नगरिया लालशाह में डीपी फुंक गई थी। ग्रामीणों ने विभागीय अनुमति के बिना ही गुलरियापुर से डीपी उतारकर नगरिया लाल शाह में रख दी। इसके बाद संविदा लाइनमैन पुष्पेंद्र सिंह राजपूत पर उसे जोड़ने का दबाव बनाया जाने लगा। पुष्पेंद्र ने जेई और एसडीओ की अनुमति न होने का हवाला देकर अवैध डीपी चालू करने से मना कर दिया। आरोप है कि तरींद क्षेत्र में काम निपटाने के बाद जब वह भावलपुर में सोनू कबाड़ी की दुकान के पास पहुंचा, तभी नगला चौधरी निवासी एक युवक तीन साथियों के साथ आ धमका। आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए फावड़े के बेंत से उसे लहूलुहान कर दिया।
हमले की शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज लाइनमैन बुधवार दोपहर 3.30 बजे सौरिख पावर हाउस पहुंचा और सीधे 10 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे उतारने का प्रयास किया और नीचे आते ही थाने की गाड़ी मंगाकर उसे हिरासत में लेने की कोशिश की, तो लाइनमैन भागकर सीधे टीपीएम पोल पर चढ़ गया। इससे पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस के पावर हाउस परिसर से बाहर जाने के बाद वह दोबारा ट्रांसफाॅर्मर पर जा बैठा। शाम 7.30 बजे एसडीओ अनिल राम और जेई गुरशरण सिंह मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
बिजली कर्मियों ने किया घेराव
घटना की भनक लगते ही क्षेत्र के संविदा लाइनमैन लामबंद हो गए। लाइनमैन विपिन सिंह, कौशल किशोर, अवधेश सिंह, मुनीश सिंह, नैतिक पांडेय, अरविंद कुमार, हरिओम आदि कर्मचारियों ने पावर हाउस घेरकर प्रदर्शन किया। कर्मियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और बिजली कर्मियों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई न हुई तो पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
संयोग से टला बड़ा हादसा
संयोग रहा कि लाइनमैन पुष्पेंद्र जब दोपहर 3.30 बजे ट्रांसफार्मर पर चढ़ा, उससे एक घंटा पहले दोपहर 2.30 बजे छिबरामऊ से आने वाली 33 हजार वोल्ट की मेन लाइन ब्रेकडाउन थी। यदि लाइन चालू होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
केबल बॉक्स फटने से 300 गांवों की बत्ती गुल
बता दें कि दोपहर 2.30 बजे छिबरामऊ में केबल बॉक्स फटने के कारण 33 हजार की लाइन ब्रेकडाउन हो गई थी। अधिकारियों ने कन्नौज से नया केबल बॉक्स मंगाकर ठीक कराने का काम शुरू करवा दिया, जो देर रात जारी था। लाइन ठप होने से सौरिख कस्बे समेत 300 गांवों की बत्ती गुल हो गई। उमस और भीषण गर्मी के बीच बिजली-पानी का गहरा संकट खड़ा हो गया और लोग घंटों बेहाल रहे।
छिबरामऊ में केबल बॉक्स फटने से 33 हजार की लाइन ब्रेकडाउन हुई थी, नया केबल बॉक्स लगवाकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है। लाइनमैन से मारपीट के प्रकरण में आहत होकर वह ट्रांसफार्मर पर चढ़ा था, जिसे समझा-बुझाकर सुरक्षित उतार लिया गया है। मामले में नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जा रही है। - अनिल राम, एसडीओ, विद्युत उपकेंद्र सौरिख
पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - रणवीर सिंह चंदेल, एसआई, सौरिख थाना