Kannauj News: अधिवक्ता संशोधन विधेयक के विरोध में छिबरामऊ बार एसोसिएशन ने तहसील में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने स्पष्ट किया है कि हक की लड़ाई अब दिल्ली तक लड़ी जाएगी।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित अधिवक्ता संशोधन विधेयक के विरोध में मंगलवार को बार एसोसिएशन छिबरामऊ के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर विधेयक के खिलाफ नारेबाजी की और इसे अधिवक्ता हितों के प्रतिकूल बताया।
विज्ञापन
अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह राठौर व महासचिव ललित प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन अधिवक्ताओं की स्वतंत्रता और गरिमा पर आघात है। प्रदर्शन के उपरांत अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
आंदोलन को दिल्ली तक तेज किया जाएगा
ज्ञापन में मांग की गई कि अधिवक्ता विरोधी प्रावधानों को तत्काल वापस लिया जाए। महासचिव ने कहा कि संशोधन के जरिए लाइसेंस प्रक्रिया को जटिल बनाकर अधिवक्ताओं पर अनावश्यक नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने विधेयक वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को दिल्ली तक तेज किया जाएगा।