कन्नौज जिले में पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते पांच जनवरी को जिला कारागार कन्नौज की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर फरार हुए विचाराधीन बंदी डंपी उर्फ शिवा को पुलिस ने रविवार को एक मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस फायरिंग में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार, 18 जनवरी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि फरार अभियुक्त डंपी उर्फ शिवा, जो कि मलगवां(थाना ठठिया) का निवासी है, कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र में देखा गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुरादगंज क्रॉसिंग से तिर्वा रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर तारा बगिया के पास घेराबंदी की।