कन्नौज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। पीएसएम महाविद्यालय के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित पीएसएम महाविद्यालय के पास शुक्रवार को यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार लोडर ने सामने से आ रहे ऑटो को रौंद दिया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।