यूपी के कन्नौज में पुलिस ने 20 लाख रुपये कीमत की चंदन की लकड़ी के साथ चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि तस्कर मध्यप्रदेश से चंदन की लकड़ी की तस्करी कर इत्र कारोबारियों को बिक्री करते थे। चंदन तस्करी में कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है।
कन्नौज जिले में पुलिस ने घेराबंदी कर चार अंतरराज्यीय चंदन तस्करों को दबोच लिया। इनके पास से लोडर में भरी तीन क्विंटल 91 किलो चंदन की लकड़ी बरामद हुई। इस दौरान एक तस्कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही। सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने शनिवार की रात आठ बजे कोतवाली के पास काजीटोला मोहल्ला में सरायमीरा-कन्नौज मार्ग पर घेराबंदी की।
विज्ञापन
इस दौरान संदिग्ध हालात में जा रहे लोडर को रोक लिया। तलाशी लेने पर लोडर में तीन क्विंटल 91 किलोग्राम चंदन की प्रतिबंधित लकड़ी बरामद हुई। जिसकी कीमत बाजार में 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान लोडर में सवार कागजियाना मोहल्ला निवासी आसिफ, चौधरी सराय निवासी रवि, शेखाना मोहल्ला निवासी साकिब और पनियारेपुर्वा जसौली निवासी राकेश कुमार को दबोच दिया।
जबकि पुलिस टीम को चकमा देकर तस्कर मुकेश कुशवाहा फरार हो गया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि तस्कर मध्यप्रदेश से चंदन की लकड़ी की तस्करी कर इत्र कारोबारियों को बिक्री करते थे। चंदन तस्करी में कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। गंभीरता से मामले की छानबीन की जा रही है।