एलपीजी टैंकर की केबिन में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर रविवार को एलपीजी (लिक्विड पेट्रोलियम गैस) कैप्सूल लेकर जा रहे टैंकर के केबिन में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो किलोमीटर दूर दोनों ओर वाहनों को रोक दिया। दो तहसीलों से पहुंची दमकल गाड़ियों ने आठ मिनट में आग को बुझा दिया। गनीमत रही कि कैप्सूल तक आग नहीं पहुंची।
कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र के मगरा शाह गांव निवासी महेंद्र सिंह 18 टन एलपीजी भरे कैप्सूल टैंकर को लेकर जयपुर से शाहजहांपुर जा रहा था। सुबह 10:15 पर अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर 332 किलोमीटर ब्रिज पर अचानक से टैंकर के केबिन में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक महेंद्र ने कूदकर जान बचाई। आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने दोनों ओर दो किलोमीटर पहले वाहनों को रोक दिया। आग लगने के एक घंटे बाद छिबरामऊ व कन्नौज से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ अग्निशमन अधिकारी संदीप तंवर पहुंचे। आग की लपटें इतनी तेज थी कि टैंकर से उठता धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा। दमकल कर्मियों आठ मिनट में आग पर काबू पा लिया। टैंकर का केबिन जल गया।
बैटरी के शाॅर्ट सर्किट से लगी थी आग
ड्राइवर ने बताया कि केबिन में उसके कपड़े, मोबाइल और रुपये छूट गए थे जो जल गए। गनीमत रही कि टैंकर के कैप्सूल में रखी एलपीजी पर आग का असर नहीं पड़ा और विस्फोट नहीं हुआ। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि आग पर काबू पाने के बाद ट्रक को क्रेन की मदद से रोड किनारे करा दिया गया और यातायात सुचारु रूप से चालू करा दिया गया है। बैटरी के शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई थी।