नेशनल हाईवे पर मौजूद भीड़ से जाम में फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
टायर व बैटरी की दुकान से चोरी के प्रयास करने के आरोपी युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। इसकी जानकारी होते ही शनिवार को महिलाएं सामने आ गईं और चोरों को छुड़ाने के लिए महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक के साथ धुक्कामुक्की हुई। नेशनल हाईवे पर हंगामे से जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस ने लाठियां पटक कर महिलाओं को खदेड़ा। इसके बाद ही यातायात सुचारु हो सका।
नगर के पश्चिमी बाईपास स्थित टायर व बैटरी की एक दुकान से चोरों ने 25 दिसंबर की रात चोरी का प्रयास किया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान होने पर दोपहर बाद पुलिस ने मोहल्ला रामनगर (ककरैया) में दबिश दी। यहां से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले जा रही थी। तभी युवकों के समर्थन में नट नागर समाज की महिलाओं व बच्चों की भीड़ पुलिस के सामने आ गई और हिरासत से आरोपियों को छुड़ाने के लिए नोकझोंक के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी।
पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया पर महिलाएं शांत होने की बजाय उग्र हो गई और नेशनल हाईवे पर आकर पथराव शुरू कर दिया। पथराव शुरू होते ही भगदड़ मच गई। सुरक्षा के लिए हाइवे से गुजर रहे चालकों भीड़ से दूरी पर वाहनों को रोक लिया जिससे जाम लगना शुरू हो गया। बाईपास पर चल रहे हंगामे की सूचना पर कोतवाल विष्णुकांत तिवारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और सड़क पर लाठियां पटक कर महिलाओं को खदेड़ दिया। तब कहीं यातायात सुचारु हो सका।
सीसीटीवी में कैद हुए थे चोर
नगर के पश्चिमी बाईपास पर शीबा टायर व बैटरी की दुकान से 25 दिसंबर की रात चोरों ने चोरी के इरादे से शटर के ताले तोड़ दिए पर इंटरलॉक नहीं खोल पाए। चोरों ने पीछे की दीवार में भी नकब लगाकर अंदर घुसने का प्रयास किया पर सफल न होने पर चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे पाए थे। चोरी का यह असफल प्रयास सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। दुकान मालिक मोहल्ला लाहौरी टोला निवासी सलमान खां ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी।
युवकों से पूछताछ में जुटी पुलिस
कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।