जानकारी देती छात्रा माही व पैर में चोट के निशान
- फोटो : अमर उजाला
विशुनगढ़ क्षेत्र के ग्राम असालताबाद स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा को शिक्षिका द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पिटाई से छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने छात्रा को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। विशुनगढ़ क्षेत्र के सरदामई निवासी प्रमोद कुमार की पुत्री माही (6) निजी स्कूल में कक्षा एक की छात्रा है।
परिजनों का आरोप है कि छात्रा पहाड़ा सही से नहीं सुना पाई, जिस पर शिक्षिका ने गुस्से में आकर डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। छात्रा के पिता ने बताया कि इससे पहले भी शिक्षिका ने उनकी बेटी को बुरी तरह पीटा था, जिसकी शिकायत उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से की थी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक नवीन चौहान ने बताया कि अभिभावक की शिकायत मिलने पर आरोपी शिक्षिका को स्कूल से हटा दिया गया है। वहीं, बीईओ आनंद द्विवेदी ने बताया कि उनके पास अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर जांच कर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।