कन्नौज जिले के गुरसहायगंज में खेत की मेड़ काटने के विवाद में घायल दूसरे भाई ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो भाइयों की मौत हो जाने से परिवार के लोगों में कोहराम मच गया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बल्लूपुरवा में गत 28 नवंबर को खेत की मेड़ तोड़ने का विवाद रामाधीन यादव और अरुण कुमार के बीच हो गया था।
उस समय लोगों ने मामला शांत करा दिया। इसके बाद देर शाम जब रामाधीन भाई जुगल किशोर और जितेंद्र के साथ घर लौट रहा था तब दूसरे पक्ष के अरुण कुमार आदि ने लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रामाधीन की हत्या कर दी गई, भाई जुगुल और जितेंद्र गंभीर घायल हो गए थे।
जुगुल का उपचार कानपुर हैलट अस्पताल में कराया जा रहा था। मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल राजकुमार सिंह का कहना है कि तहरीर में इसे भी जोड़कर विवेचना की जाएगी। इस मामले में एक आरोपी अरुण को जेल भेजा जा चुका है।