Kannauj News: हरदोई की ओर से आ रहा मैदा लदा ट्रक रविवार सुबह महादेवी गंगा घाट के पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरा। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि ट्रक चालक लापता है। घटना के आठ घंटे बीत जाने के बाद भी बचाव के लिए कोई सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका है।
कन्नौज जिले में हरदोई की ओर से आ रहा मैदा लदा ट्रक रविवार सुबह करीब तीन बजे महादेवी गंगा घाट के पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए गंगा में जा गिरा। हादसे में सरवन (36) व संगीत (40) घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया। ट्रक का चालक लापता है।
घटना के आठ घंटे बाद भी किसी तरह का सर्च ऑपरेशन उसकी तलाश के लिए नहीं शुरू हो सका। सुबह करीब 10 बजे पीएसी पहुंची। पुलिस ने पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अभी तक बचाव राहत की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है। सीओ सिटी शिल्पा वर्मा मौके पर पहुंची और उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली।