नरैनी। गांवों से एकत्र की गई कलश की मिट्टी से लखनऊ में अमृत वाटिका बनाई जाएगी। सांसद, विधायक और ब्लॉक क्षेत्र से आए हुए प्रधानों ने हाथों में कलश व तिरंगा लेकर डीजे और ढोल नगाड़ों के साथ रथ व बैलगाड़ी में कलश यात्रा निकाली।
ब्लॉक परिसर में मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम हुआ, जिसमें वीर सपूतों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में 83 ग्राम पंचायतों के लोग शामिल हुए।कलश यात्रा डांक बंगले से मुख्य चौराहा होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंची।
सांसद व विधायक ओममणि वर्मा एक साथ बैलगाड़ी में सवार होकर यात्रा की अगुवाई की। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक और नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुति की। गायक दयाराम रैकवार ने स्वागत गीत गाया। मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि मोदी और योगी के आह्वान पर पूरे देश में आजादी अमृत महोत्सव के तहत मेरा माटी मेरा देश कार्यक्रम हो रहे हैं। यह कार्यक्रम हर नागरिक को मिट्टी से जोड़ता है, वीर अमर सपूतों को नमन करने के लिए हमें आगे लाता है।
कालिंजर दुर्ग में पैदा हुई वीरांगना रानी दुर्गावती को याद किया गया। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक ओममणि वर्मा ने कहा कि एक मुट्ठी चावल और एक मुट्ठी मिट्टी का योगदान दिया, यह सराहनीय है। ग्राम प्रधानों की मेहनत भी दिखी। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, पूर्व विधायक राजकरण कबीर, नरैनी ब्लाक प्रमुख मनफूल पटेल, बड़ोखर ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, भाजपा जिला मंत्री देवेंद्र सिंह भदौरिया, मंडल अध्यक्ष सौरभ शर्मा, अशोक राजपूत ने भी संबोधित किया।
इस दौरान चंद्रपाल वर्मा, विनोद शिवहरे, रविंद्र कुशवाहा, जयराम त्रिपाठी, चंद्रभान यादव, बाबूराम पटेल, बीडीओ प्रमोद कुमार, एडीओ योगेंद्र सिंह, सुशील दुवेदी, जहान अली, अशोक यादव, धीरेंद्र सिंह, सतीश वर्मा, महेश वर्मा, अतुल अंजान मौर्य मौजूद रहे।